सागर : विश्व कैंसर जागरूकता दिवस पर जैसीनगर में मेगा जागरूकता सत्र, प्रारंभिक पहचान पर दिया गया जोर !

Spread the love

सागर। विश्व कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर एवं स्वास्थ्य विभाग सागर के संयुक्त तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जैसीनगर में एक विशेष मेगा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को कैंसर के प्रति जागरूक करना, उसके कारणों, लक्षणों, रोकथाम एवं समय पर जांच के महत्व को समझाना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि आज के समय में कैंसर एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है, लेकिन सही जानकारी और जागरूकता के माध्यम से इससे काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने बताया कि तंबाकू एवं नशे से दूरी, संतुलित व पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम और एचपीवी वैक्सीनेशन अपनाकर लगभग 40 प्रतिशत कैंसर की रोकथाम की जा सकती है।

डॉ. साद ने बताया कि भारत में प्रतिवर्ष लाखों लोग कैंसर से प्रभावित होते हैं, परंतु यदि कैंसर की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए तो उपचार के अच्छे परिणाम सामने आते हैं और जीवन रक्षा की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नियमित मैमोग्राफी एवं पैप स्मीयर जांच तथा अन्य आवश्यक स्क्रीनिंग से यदि कैंसर स्टेज-1 में पकड़ में आ जाए तो उपचार की सफलता दर 90 प्रतिशत तक हो सकती है।

उन्होंने कैंसर के सात प्रमुख चेतावनी संकेतों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। इनमें असामान्य रक्तस्राव, लंबे समय तक न भरने वाले घाव, मल या मूत्र त्याग की आदतों में बदलाव, लगातार खांसी या आवाज का बैठना, निगलने में कठिनाई, शरीर में गांठ का उभरना तथा मस्सों या तिलों के आकार एवं रंग में स्पष्ट परिवर्तन शामिल हैं। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य विशेषज्ञों ने भी कैंसर की समय पर पहचान, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। विश्व कैंसर जागरूकता दिवस का संदेश — “प्रारंभिक पहचान पर फोकस, रोकथाम, उम्मीद और एकता” — कार्यक्रम के दौरान सभी के लिए प्रेरणादायक रहा।

इस अवसर पर बीएमओ डॉ. एल. एस. शाक्य, डॉ. प्रभात, डॉ. हरि ओम बंसल सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ, सीएचओ, सुपरवाइजर, आशा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के आम नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जागरूकता सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसी पहल को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता जताई।

कार्यक्रम की व्यापक सहभागिता और सकारात्मक संवाद से यह आयोजन सफल एवं सार्थक सिद्ध हुआ, जिससे क्षेत्र में कैंसर के प्रति जागरूकता को नई दिशा मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *