सिविल लाइन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी वारदात !

Spread the love

पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा व नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया श्री अजय कुमार सनकत के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम एक बड़ी आपराधिक घटना को होने से पहले ही रोकते हुए चार हथियारबंद युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन को 6 नवंबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि आरटीओ रोड मोड़ के पास जंगल में कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ किसी गंभीर अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चार संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से अवैध हथियार बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र राय (18 वर्ष), अन्नू उर्फ अनुराग पवार (19 वर्ष), नीलेश पटैल (26 वर्ष) और सूरज अहिरवार (23 वर्ष) शामिल हैं, जो सागर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से संभावित गंभीर अपराध को समय रहते रोका जा सका।

कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक सतीश बेन, प्रधान आरक्षक के.के. दुबे, आरक्षक अंशुल, राम सिंह, विपिन, आशीष तिवारी और कपिल देव की विशेष भूमिका रही।

थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिसंगत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सागर पुलिस ने दोहराया कि नागरिकों की सुरक्षा और शांति बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *