आरटीओ रोड के जंगल से 4 हथियारबंद युवक गिरफ्तार !

Spread the love

पुलिस अधीक्षक सागर श्री विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया श्री अजय कुमार सनकत के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार देर शाम एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम करते हुए चार हथियारबंद युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर की शाम थाना सिविल लाइन को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरटीओ रोड मोड़ के पास जंगल में कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ किसी गंभीर अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और तत्काल एक विशेष पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई प्रारंभ की।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से धारदार चाकू एवं अन्य अवैध हथियार बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र राय (18 वर्ष), अन्नू उर्फ अनुराग पवार (19 वर्ष), नीलेश पटैल (26 वर्ष) और सूरज अहिरवार (23 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी सागर शहर के विभिन्न इलाकों के निवासी हैं।

पुलिस का कहना है कि इनकी गिरफ्तारी से एक गंभीर आपराधिक वारदात को समय रहते रोका जा सका। कार्रवाई में निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक सतीश बेन, प्रधान आरक्षक के.के. दुबे, आरक्षक अंशुल, राम सिंह, विपिन, आशीष तिवारी और कपिल देव की विशेष भूमिका रही।

थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध विधिसंगत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच प्रारंभ कर दी है।
सागर पुलिस ने कहा कि शहर में शांति और नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में सतत निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *