भारत स्काउट गाइड संगठन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 19वीं राष्ट्रीय डायमंड जंबूरी का आयोजन 23 से 29 नवंबर तक किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक जंबूरी का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा तथा समापन माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा किया जाएगा।
यह आयोजन देश और विदेश से आने वाली अनेक प्रमुख हस्तियों, सैन्य बलों, पुलिस, अधिकारियों और लगभग 35,000 स्काउट-गाइड के विशाल समागम का साक्षी बनेगा।

सागर संभाग से विशेष सहभागिता—मस्कट का विमोचन
सागर संभाग से जंबूरी में शामिल होने वाले दल को शुभकामनाएं देते हुए जिला पंचायत सागर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के. वी. (IAS) ने इस अवसर पर सागर संभाग के मस्कट (स्कर्दू) का विमोचन किया।
कार्यक्रम में ए.एस.ओ.सी. कंचन सिंह, जिला कोषाध्यक्ष आलोक गुप्ता, स्काउटर मनोज नेमा और जिला MOP कोऑर्डिनेटर कृष्णा साहू उपस्थित रहे।

इस अवसर पर आलोक गुप्ता ने सम्मान स्वरूप स्कार्फ पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।
जंबूरी हेतु पूर्व प्रशिक्षण—19 से 21 नवंबर तक सागर में कैंप
संभागीय सहायक आयुक्त कंचन सिंह ने बताया कि शासकीय जैन बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागर में 19 से 21 नवंबर तक जंबूरी पूर्व प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
यहां स्काउट-गाइड को राष्ट्रीय जंबूरी के नियम, अनुशासन, गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कैम्प-क्राफ्ट, ड्रिल और टीम वर्क का विशेष अभ्यास कराया जा रहा है।

70 सदस्यीय दल करेगा सागर संभाग का प्रतिनिधित्व
सागर संभाग से कुल 70 सदस्य, जिनमें स्काउट-गाइड, स्काउटर और गाइडर शामिल हैं, राष्ट्रीय जंबूरी में भाग लेंगे।
सभी प्रतिभागी 21 नवंबर की शाम 5 बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
संभाग के पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
जंबूरी में जाने वाले सभी प्रतिभागियों को सागर संभाग के सभी स्काउट-गाइड पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि सागर संभाग के विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर अपने अनुशासन, कौशल और संस्कृति का श्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।