अमेजन ने 16,000 और कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा, कुल लेऑफ बढ़कर 30,000 हुआ !

Spread the love

नई दिल्ली ,दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने बुधवार को 16,000 और कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की। यह पिछले साल अक्टूबर में शुरू हुई रीस्ट्रक्चरिंग प्रक्रिया का हिस्सा है। कंपनी ने पहले 14,000 पदों को खत्म करने की योजना बनाई थी, लेकिन अब कुल छंटनी का आंकड़ा 30,000 तक पहुँच गया है।

मैनेजमेंट की लेयर्स कम करना मकसद

अमेजन की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बेथ गैलेटी ने कहा कि इन नौकरियों में कटौती का उद्देश्य मैनेजमेंट की लेयर्स को कम करना, कर्मचारियों की जिम्मेदारी बढ़ाना और कंपनी में ब्यूरोक्रेसी कम करना है। उनका कहना है कि कंपनी चाहती है कि कर्मचारी तेजी से निर्णय लें और ग्राहकों के लिए नए इनोवेशन कर सकें।

कोरोना के बाद सबसे बड़ा लेऑफ

कोरोना महामारी के बाद 2022-2023 में अमेजन ने 27,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी। इस बार की कटौती इस अवधि के बाद सबसे बड़ी मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और ऑफिस कर्मचारियों को प्रभावित करेगी।

अमेजन के दुनिया भर में लगभग 3.5 लाख ऑफिस कर्मचारी हैं, जिनमें से लगभग 10% यानी 30,000 लोग नौकरी खो देंगे। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि वेयरहाउस और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क में काम करने वाले 15 लाख कर्मचारियों पर इस छंटनी का कोई असर नहीं पड़ेगा।

AI में निवेश के कारण बदली रणनीति

अक्टूबर में जब पहली बार छंटनी की खबरें आई थीं, तब कंपनी ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की थी। जानकारों के अनुसार, अमेजन अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में तेजी से निवेश कर रही है और इसी हिसाब से अपनी वर्कफोर्स को एडजस्ट कर रही है। कंपनी ने कहा कि हर टीम लगातार अपनी क्षमता का मूल्यांकन करेगी और जहां जरूरत होगी, वहां बदलाव किए जाएंगे।

वित्तीय नतीजों के साथ और जानकारी संभव

अमेजन ने अभी यह साफ नहीं किया है कि किस विभाग से कितने कर्मचारी निकाले जाएंगे। कंपनी 6 फरवरी 2026 को अपने पूरे साल के वित्तीय नतीजे पेश करेगी। इसी दौरान एक लाइव कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए छंटनी और भविष्य की योजनाओं के बारे में और अधिक जानकारी दी जा सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अमेजन की यह रणनीति AI और डिजिटल वर्कफ्लो को बढ़ावा देने के लिए अपनाई जा रही है, जिससे कंपनी की कार्यक्षमता बढ़े और कर्मचारियों की जिम्मेदारी और प्रभावशीलता भी बढ़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *