अवैध कट्टा और चाकू के साथ घूम रहा आदतन अपराधी गिरफ्तार, मकरोनिया पुलिस ने भेजा जेल !

Spread the love

सागर। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मकरोनिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को अवैध देशी कट्टा और चाकू के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध हथियार रखने और घूमने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मकरोनिया पुलिस को शनिवार देर रात महत्वपूर्ण सफलता मिली।

शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि करीब 12 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हुकुमचंद स्कूल के पीछे स्थित मैदान में एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना मकरोनिया पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके के लिए रवाना की और क्षेत्र की घेराबंदी की।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हेमंत अहिरवार निवासी शंकरगढ़, मकरोनिया बताया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में करीब सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद आरोपी को आवश्यक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे केंद्रीय जेल सागर भेजने के आदेश दिए गए।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र सिंह चौहान, उपनिरीक्षक काशीराम, आरक्षक 1450 बृजेश विश्वकर्मा, आरक्षक 1364 शुभम, आरक्षक 1469 अरविंद तथा सैनिक 430 राजेंद्र की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *