इंदौर में नाश्ते की दुकान पर गैस टंकी में लगी आग: एसीपी और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा !

Spread the love

इंदौर के लसूड़िया इलाके में रविवार सुबह एक नाश्ते की दुकान पर गैस टंकी में लीकेज होने से अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एफआरवी टीम और गश्त पर मौजूद एसीपी मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पाया। घटना में एक व्यक्ति हल्का झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार घटना एमआर-3 क्षेत्र स्थित श्याम नाश्ता कॉर्नर की है। दुकान में रखी गैस टंकी में लीकेज होने के कारण अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।

घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सबसे पहले एफआरवी टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहीं एसीपी रूबिना मिजवानी भी वहां पहुंच गईं।

पुलिस टीम ने खुद संभाला मोर्चा

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने बाल्टियों और अन्य संसाधनों की मदद से गैस टंकी को नियंत्रित करने की कोशिश की। एसीपी रूबीना मिजवानी भी पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद रहीं और जवानों के साथ मिलकर स्थिति संभालती नजर आईं।

स्थानीय लोगों के अनुसार गैस टंकी में काफी देर से आग लगी हुई थी और आग बढ़ने का खतरा लगातार बना हुआ था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों और दुकानों तक भी आग फैल सकती थी।

एक व्यक्ति झुलसा, अस्पताल भेजा गया

इस घटना में सरस्वती नगर निवासी भगवान सिंह (50) हल्के रूप से झुलस गए। पुलिस ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना स्थल एमआर-3 रोड स्थित सनसिटी क्षेत्र के पास एक खाली प्लॉट में बनी दुकान के आसपास का इलाका है, जहां आसपास रिहायशी मकान भी मौजूद हैं। आग के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

गैस खत्म होने तक मौके पर डटी रहीं एसीपी

आग बुझ जाने के बाद भी गैस टंकी से लगातार गैस निकलती रही। स्थिति को गंभीर देखते हुए एसीपी रूबीना मिजवानी ने आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस टीम तब तक मौके पर मौजूद रही, जब तक टंकी की पूरी गैस खत्म नहीं हो गई और खतरा पूरी तरह टल नहीं गया। इसके बाद ही पुलिस अधिकारी वहां से रवाना हुए।

दमकल टीम समय पर नहीं पहुंची

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को भी दी गई थी, लेकिन दमकल टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में पुलिस टीम ने खुद ही मोर्चा संभाला और आग को फैलने से रोका।

रहवासियों ने समय पर पहुंचकर मदद करने के लिए पुलिस और एसीपी की सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि पुलिस तुरंत कार्रवाई नहीं करती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

गैस सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर गैस सिलेंडर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि गैस टंकियों और सिलेंडरों की नियमित जांच बेहद जरूरी है, ताकि लीकेज जैसी घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *