उज्जैन जोन के नए एडीजी बने राकेश गुप्ता, महाकाल दर्शन के बाद संभाली जिम्मेदारी !

Spread the love

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राकेश गुप्ता ने गुरुवार को उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) का पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए और प्रदेश व उज्जैन संभाग में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की।

महाकाल दर्शन के बाद एडीजी राकेश गुप्ता पुलिस मेस पहुंचे, जहां उज्जैन संभाग के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस बल द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी भी दी गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में नए एडीजी को लेकर उत्साह देखने को मिला।

गौरतलब है कि राकेश गुप्ता इससे पहले संचालक खेल एवं युवक कल्याण के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब उन्हें उज्जैन जोन की कमान सौंपी गई है, जो धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक दृष्टि से प्रदेश का एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है।

कानून-व्यवस्था और जनविश्वास पर रहेगा फोकस

पदभार ग्रहण करने के बाद एडीजी राकेश गुप्ता ने संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए संवेदनशील पुलिसिंग, त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष व्यवहार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि उज्जैन जैसे धार्मिक शहर में शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे टीमवर्क के साथ निभाया जाएगा।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत मिली जिम्मेदारी

उल्लेखनीय है कि गृह विभाग द्वारा हाल ही में प्रशासनिक सुविधा के दृष्टिकोण से वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसके तहत उज्जैन जोन के पूर्व अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा को परिवहन आयुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि राकेश गुप्ता को उज्जैन जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नई जिम्मेदारी के साथ एडीजी राकेश गुप्ता के नेतृत्व में उज्जैन जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *