सागर स्थित एक्सीलेंस गर्ल्स कॉलेज में आयोजित जनभागीदारी समिति की बैठक में कॉलेज के ओल्ड हॉल को हेरिटेज लुक में विकसित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनीषा विनय मिश्रा ने की। इस अवसर पर कलेक्टर प्रतिनिधि एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती राजनंदनी शर्मा, प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी, जनभागीदारी प्रभारी डॉ. पद्मा आचार्य, समिति सदस्य डॉ. संजय खरे, डॉ. अरविंद जैन, डॉ. स्मिता दुबे, विनय मिश्रा, प्रासुक जैन, एस.ए. खान एवं डॉ. नवीन गिडियन उपस्थित रहे।

बैठक में कॉलेज के विकास और छात्राओं की सुविधाओं को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर विचार किया गया। समिति ने यह निर्णय लिया कि कॉलेज के ओल्ड हॉल को ऐतिहासिक स्वरूप देते हुए हेरिटेज लुक में परिवर्तित किया जाएगा, ताकि संस्थान की पहचान और सौंदर्य दोनों में वृद्धि हो सके। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग से विस्तृत इस्टिमेट तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रा हित में लिए गए प्रमुख निर्णय
बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी छात्राओं के लिए बड़ी राहत का निर्णय लिया गया। समिति ने प्रस्ताव पारित करते हुए 60 छात्राओं को जनभागीदारी कोष से निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने की स्वीकृति दी। इसके साथ ही महाविद्यालय में छात्राओं की सुविधा हेतु चार नए टॉयलेट्स के निर्माण और पुराने वॉशरूम के जीर्णोद्धार कार्य का भी प्रस्ताव पारित किया गया। आरईएस एजेंसी को इस कार्य का दायित्व सौंपा गया है।
संयुक्त कलेक्टर श्रीमती राजनंदनी शर्मा ने कहा कि जनभागीदारी समिति द्वारा पारित सभी प्रस्ताव छात्रा हित में हैं, इसलिए उनके क्रियान्वयन में विलंब न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हों ताकि छात्राओं को शीघ्र लाभ मिल सके।

जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मिश्रा ने कहा कि विधायक श्री शैलेंद्र जैन के सहयोग से कॉलेज में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओल्ड हॉल का हेरिटेज स्वरूप महाविद्यालय की पहचान बनेगा और छात्राओं को एक सृजनात्मक वातावरण मिलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए नवीन वॉशरूम निर्माण और पुराने वॉशरूम के रिनोवेशन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
प्राचार्य डॉ. आनंद तिवारी ने बताया कि ओल्ड भवन के जीर्णोद्धार हेतु पीडब्ल्यूडी विभाग से इस्टिमेट प्राप्त करने के लिए पुनः पत्र भेजा गया है और विधायक श्री शैलेंद्र जैन के सहयोग से इस कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
बैठक के अंत में डॉ. संजय खरे ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि समिति द्वारा लिए गए ये निर्णय कॉलेज के सर्वांगीण विकास और छात्राओं की बेहतरी की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होंगे।