मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश श्री संजीव कुमार झा के निर्देशन में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के अंतर्गत मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और अद्यतन बनाने के लिए जिले में जनजागरूकता कार्यक्रम जोरों पर चल रहे हैं।
इसी क्रम में स्वीप (SVEEP) आइकॉन सारिका घारू द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों के सुधार हेतु प्रेरित करना है।
सारिका घारू ने कहा कि –
“आपकी उंगली में आपकी सरकार बनाने की ताकत है। इस ताकत को पाने के लिए आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। जब हर पात्र नागरिक सूची में जुड़ जाएगा, तभी हमारा लोकतंत्र सशक्त और पारदर्शी बनेगा।”
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार “बीएलओ आपके घर” अभियान के तहत गणना प्रपत्र (EF फॉर्म) घर-घर जाकर वितरित किए जा रहे हैं। बीएलओ द्वारा दिए गए इस प्रपत्र में मतदाता की जन्मतिथि, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, पिता/माता का नाम, वैवाहिक स्थिति में पति/पत्नी का नाम और उनका EPIC नंबर (यदि उपलब्ध हो) सही-सही भरना आवश्यक है। साथ ही मतदाता को अपनी रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो चिपकानी होगी और फॉर्म पर स्वयं या परिवार के किसी वयस्क सदस्य के हस्ताक्षर अथवा बाएँ हाथ के अंगूठे का निशान दिनांक सहित लगाना होगा।
सारिका ने बताया कि जिन मतदाताओं को ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करना आसान लगता है, वे 4 दिसम्बर 2025 तक Voter Services Portal (voters.eci.gov.in) के माध्यम से भी गणना प्रपत्र भर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल फॉर्म भरने का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक भागीदारी का उत्सव है। मतदाता सूची में नाम जुड़वाना हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य दोनों है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की —
“अपनी जिम्मेदारी निभाइए, नाम जुड़वाइए, त्रुटि सुधारवाइए — क्योंकि सही और सटीक मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की गारंटी है।”
सारिका ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को जोड़ने के लिए लगातार जनसंपर्क, संवाद और प्रचार गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं, ताकि जिले में ‘एक भी वोट न छूटे’ का लक्ष्य पूरी तरह से हासिल किया जा सके।