एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी के नेतृत्व में रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय में लॉ कोर्स शुरू करने की मांग !

Spread the love

सागर। रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर में लॉ कोर्स प्रारंभ किए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मंगलवार को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी के नेतृत्व में छात्र प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलगुरु से मुलाकात की और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विश्वविद्यालय में एलएलबी सहित अन्य लॉ कोर्सेस जल्द शुरू किए जाने की प्रमुख मांग उठाई गई।

प्रतिनिधिमंडल ने कुलगुरु को बताया कि सागर संभाग सहित आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के लिए भोपाल, इंदौर, जबलपुर और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। कई छात्र आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण लॉ की पढ़ाई बीच में ही छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षत कोठारी ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय लगातार नए शैक्षणिक आयाम स्थापित कर रहा है, लेकिन अभी तक लॉ कोर्स प्रारंभ नहीं होना छात्रों के लिए बड़ी कमी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में एलएलबी, बीए-एलएलबी और अन्य विधि पाठ्यक्रम शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सागर एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र के रूप में पहचान रखता है, लेकिन लॉ शिक्षा के लिए छात्रों को बाहर जाना पड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि विश्वविद्यालय प्रशासन इस दिशा में जल्द कदम उठाता है, तो इससे हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र में विधि शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि लॉ कोर्स शुरू होने से युवाओं में न्याय व्यवस्था, संविधान और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार होगा और नए रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।

कुलगुरु ने छात्रों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देता है और प्रस्ताव पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।

इस दौरान दीपेंद्र राय, पारस साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे। छात्रों ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द ही इस संबंध में ठोस निर्णय लेकर लॉ कोर्स प्रारंभ करने की दिशा में पहल करेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संबाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *