एसपी बंगले के सामने उत्पात मचाने वाले बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला पैदल जुलूस !

Spread the love

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक निवास के सामने गाड़ियों में तोड़फोड़ और मकानों पर पथराव करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में आधा दर्जन से अधिक बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। बुधवार को न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस ने आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी सड़क पर चलते हुए “अपराध करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है” जैसे नारे लगाते नजर आए।

जानकारी के अनुसार 18 मई की देर रात करीब 4 बजे कैंट थाना क्षेत्र में एसपी बंगले से कुछ ही दूरी पर कुछ बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया था। आरोपियों ने घरों के बाहर खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और आसपास के मकानों पर पथराव कर इलाके में दहशत फैला दी थी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बन गया था।

पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। फरियादी की शिकायत पर नोमान खान, इमरान खान, एहसान खान, राहिल, समीर सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उन्हें न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस बल की मौजूदगी में शहर के प्रमुख मार्गों से पैदल जुलूस निकाला गया। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना बताया गया।

जुलूस के दौरान आरोपी अपने किए पर पछतावा जाहिर करते हुए नारे लगाते दिखाई दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस घटना ने एसपी निवास के सामने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश भी दिया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *