कूनो से भटके दो चीतों में से एक की सड़क हादसे में मौत: तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर !

Spread the love

ग्वालियर/शिवपुरी। आगरा–मुंबई नेशनल हाईवे (शिवपुरी लिंक रोड) पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। कूनो नेशनल पार्क से भटकर घाटीगांव की ओर आए दो चीतों में से एक चीता सड़क हादसे का शिकार हो गया। सिमरिया मोड़ के पास जंगल से निकलकर जैसे ही चीता हाईवे पार करने आया, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चीता सड़क किनारे गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वन विभाग और पुलिस को सुबह 5 से 6 बजे के बीच इसकी सूचना मिली। तत्काल घाटीगांव थाना पुलिस, वन विभाग और कूनो के अफसर घटनास्थल पहुंचे और क्षेत्र को सील कर दिया। भीड़ ज्यादा होने के बावजूद वन विभाग ने किसी को पास नहीं आने दिया। मृत चीते के शव को कूनो भेजा गया है, जहां विशेषज्ञों की पैनल द्वारा पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।


KG-3 थी मृत मादा चीता, कूनो में ही हुआ था जन्म

घटनास्थल पर मिले सैटेलाइट कॉलर आईडी से पुष्टि हुई कि मृत मादा चीते का नाम KG-3 है। यह कूनो नेशनल पार्क में जन्मी थी और ‘गामिनी’ की संतान बताई जा रही है। दोनों चीतों पर वन विभाग लगातार कॉलर आईडी के जरिए नजर रख रहा था। हादसा होते ही अधिकारियों को अलर्ट मिल गया।


दूसरे चीते की तलाश जारी

हादसे के वक्त दोनों चीते साथ थे। टक्कर लगने पर एक चीता मौके पर ही मारा गया, जबकि दूसरा घबराकर जंगल की ओर भाग गया। वन विभाग की कई टीमें आसपास के जंगलों में उसकी तलाश में जुटी हैं। कॉलर लोकेशन भी लगातार ट्रैक की जा रही है।


शनिवार शाम गाय पर किया था हमला

शनिवार शाम को घाटीगांव के सिमरिया इलाके में इन दोनों चीतों ने एक गाय पर हमला कर उसे मार दिया था। इसके बाद ही वन विभाग ने इलाके में अपनी निगरानी बढ़ा दी थी। दोनों चीतों की लोकेशन लगातार इसी क्षेत्र के आसपास मिल रही थी।


हाईवे पार करते वक्त हुआ हादसा

रविवार तड़के दोनों चीते घाटीगांव के जंगल से निकलकर हाईवे पार करने जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने मादा चीते को कुचल दिया। वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। अफसरों का कहना है कि जिस गति से टक्कर हुई, उससे चीते को बचाया नहीं जा सका।


इस दर्दनाक हादसे के बाद वन विभाग अब हाईवे किनारे चीतों की मूवमेंट बढ़ने को लेकर अलर्ट हो गया है। कूनो अफसरों ने कहा कि दूसरे चीते को सुरक्षित पकड़ने और पुनः कूनो पहुंचाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *