सागर।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय के फैकल्टी सदस्यों ने कॉलेज चलो अभियान के तहत ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय एवं डीएनसीबी स्कूल पहुंचकर कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र–छात्राओं से संवाद किया और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद महाविद्यालय में प्रवेश के लिए प्रेरित किया।
मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार एवं प्राचार्य प्रो. डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय पहुंची महाविद्यालय की फैकल्टी टीम में डॉ. संगीता कुंभारे, डॉ. संदीप सबलोक, डॉ. शालिनी परिहार, सुनील प्रजापति एवं राम तिवारी शामिल रहे। टीम ने छात्र–छात्राओं को महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, शैक्षणिक सुविधाओं एवं शासन द्वारा प्रदत्त लाभों की जानकारी दी। वहीं डॉ. अंकुर गौतम एवं डॉ. संदीप तिवारी ने डीएनसीबी स्कूल में संपर्क कार्यक्रम चलाया।

पाठ्यक्रम व उपलब्धियों की जानकारी दी
ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय के प्राचार्य महेश कुमार सोनी, स्कूल फैकल्टी शालिनी जैन एवं सुरेंद्र विश्वकर्मा की उपस्थिति में डॉ. संगीता कुंभारे ने महाविद्यालय में उपलब्ध पाठ्यक्रमों, अधोसंरचना एवं अनुभवी फैकल्टी के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण डिग्री शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि प्राचार्य प्रो. डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कला, संस्कृति, खेल, साहित्य, एनसीसी एवं एनएसएस सहित अनेक क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं। हाल ही में महाविद्यालय के 10 छात्रों का अग्निवीर परीक्षा के माध्यम से सैन्य सेवा में चयन हुआ है।
उच्च शिक्षा के लिए किया आह्वान
इस अवसर पर डॉ. शालिनी परिहार, सुनील प्रजापति एवं राम तिवारी ने भी छात्र–छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए कक्षा 12वीं के बाद शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय में प्रवेश लेने का आह्वान किया।