आष्टा तहसील के कोठरी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षिका द्वारा छात्र-छात्राओं से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार रामलाल पगारे, शिक्षा विभाग के अधिकारी और बीआरसी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि विवाद पूर्व वार्डन और वर्तमान शिक्षिका के बीच चल रहे तनाव से जुड़ा हो सकता है।

छात्राओं का आरोप है कि कक्षा में समय पर कॉपी में नहीं लिख पाने पर शिक्षिका ने लकड़ी से उनकी पिटाई की, जिससे उनकी उंगलियों में सूजन आ गई। दोपहर में बीआरसी अजब सिंह राजपूत भी स्कूल पहुंचे और तहसीलदार, पटवारी व अन्य अधिकारियों के साथ संयुक्त प्रतिवेदन तैयार कर शिक्षा विभाग को भेजा गया।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुशवाहा ने पुष्टि करते हुए कहा कि “स्कूल में छात्राओं से मारपीट का मामला सही है। निरीक्षण किया गया है, और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।” बीआरसी अजब सिंह राजपूत ने भी बताया कि लगभग 12 छात्राओं के साथ मारपीट की बात सामने आई है।
वहीं, आरोपित शिक्षिका कृति शाक्य ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा कि “ये सब पूर्व वार्डन की साजिश है। कोई मारपीट नहीं हुई। छात्रों के हाथों में बोरोप्लस लगाकर जानबूझकर फोटो खींचे गए हैं।”
तहसीलदार रामलाल पगारे ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर छात्रों और शिक्षिका दोनों से बात की है। “करीब 12 छात्रों के साथ मारपीट की बात सामने आई है। जांच पूरी कर दोषी पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।” फिलहाल पटवारी की रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेज दी गई है और मामला जांचाधीन है।