खजुराहो।
खजुराहो में सोमवार शाम मुंबई पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत दर्ज 12 मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे खजुराहो के एक होटल से दबोचा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्माइल शेख मस्तान निवासी शिवाजी नगर, मुंबई के रूप में हुई है। मुंबई पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी पर मादक पदार्थों की तस्करी और NDPS अधिनियम के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
होटल में छिपकर काट रहा था फरारी
बताया जा रहा है कि आरोपी कई दिनों से खजुराहो के होटल सारांश में छिपकर रह रहा था। मुंबई पुलिस को तकनीकी माध्यमों से उसकी लोकेशन खजुराहो में मिलने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।

मुंबई पुलिस की छह सदस्यीय टीम विशेष ऑपरेशन के तहत खजुराहो पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त रूप से होटल की घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने होटल में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तरप्रदेश के कई शहरों में भी छिपता रहा। बाद में वह यूपी ट्रांजिट के जरिए खजुराहो पहुंचा और यहां एक होटल में शरण लेकर रह रहा था।
NDPS एक्ट के 12 मामलों में वांछित
मुंबई पुलिस के अनुसार इस्माइल शेख मस्तान NDPS एक्ट के तहत दर्ज 12 मामलों में वांछित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी पर मादक पदार्थों की सप्लाई और नेटवर्क संचालन से जुड़े गंभीर आरोप बताए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी तलाश में मुंबई पुलिस ने कई राज्यों में दबिश भी दी थी।
स्थानीय पुलिस की मदद से हुई कार्रवाई
छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मुंबई पुलिस की टीम ने खजुराहो पहुंचकर स्थानीय पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि आरोपी को विधिवत प्रक्रिया के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई मुंबई पुलिस द्वारा की जाएगी।
होटल और आसपास रही हलचल
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान होटल परिसर और आसपास के इलाके में काफी हलचल देखने को मिली। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के कारण लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। हालांकि पुलिस ने पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अंजाम दिया।
मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच की जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी का संबंध बड़े ड्रग नेटवर्क से हो सकता है। मुंबई पुलिस उससे पूछताछ कर कई अहम जानकारियां जुटाने की तैयारी में है।
खजुराहो जैसे पर्यटन क्षेत्र में एक बड़े NDPS आरोपी के छिपे होने की जानकारी सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को स्थानीय स्तर पर किसी ने मदद तो नहीं पहुंचाई थी।