खुरई में टायर दुकान से लाखों की चोरी !

Spread the love

खुरई।
खुरई शहर के प्रमुख परसा चौराहा क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने बेखौफ होकर एक टायर की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह है कि यह घटना शहर के मुख्य चौराहे पर हुई, जहां पुलिस गश्त बिंदु के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।

सुबह सामने आई चोरी की जानकारी

दुकान संचालक खुशाल आहूजा ने बताया कि वह सुबह दुकान खोलने से पहले दुकान के सामने सब्जी खरीद रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि दुकान के ताले गायब हैं। पास जाकर जांच करने पर एक ताला कुछ दूरी पर पड़ा मिला, जबकि दूसरा ताला गायब था। शटर के हुक भी मुड़े हुए थे, जिससे उन्हें चोरी की आशंका हुई।

शटर खोलने पर अंदर का दृश्य देखकर वे दंग रह गए। दुकान के दराज खुले हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था।

ढाई लाख नकद और सोने का पेंडल चोरी

खुशाल आहूजा के अनुसार, चोर दुकान से करीब 2.5 लाख रुपये नकद और लगभग 50 हजार रुपये कीमत का एक सोने का पेंडल चोरी कर ले गए हैं। चोरी की कुल रकम लाखों रुपये बताई जा रही है।

सीसीटीवी से भी की गई छेड़छाड़

चोरों ने चोरी को अंजाम देने से पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ भी चालाकी से छेड़छाड़ की। दुकान में लगे चार कैमरों में से तीन कैमरों के कनेक्शन काट दिए गए, जबकि एक कैमरे को दूसरी दिशा में घुमा दिया गया, ताकि उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही खुरई शहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों में बढ़ा आक्रोश

शहर के मुख्य चौराहे पर हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस गश्त वाले क्षेत्र में भी चोरी हो रही है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *