सागर जिले के खुरई क्षेत्र के झीकनी गांव में तीन साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हत्या की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दफन किए गए शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मालथौन भेज दिया है। मामले में बच्ची के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार झीकनी गांव से दूर खेत पर रहने वाला प्रदीप प्रजापति शुक्रवार रात अपनी मृत बच्ची का शव लेकर गांव पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह पूरी रात बच्ची के शव को गोद में लेकर गांव और अपनी ससुराल में घूमता रहा। उसने परिजनों को बच्ची की मौत की जानकारी दी, लेकिन किसी को भी मौत के स्पष्ट कारण नहीं बताए। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह प्रदीप ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही घर के पास खेत की मेड़ पर बच्ची के शव को दफना दिया। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी लगी तो मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बांदरी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार दोपहर बांदरी नायब तहसीलदार और पुलिस टीम गांव पहुंची। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पिता की निशानदेही पर मिट्टी खुदवाई गई और बच्ची के शव को बाहर निकाला गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों में सन्नाटा छा गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मालथौन अस्पताल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। बच्ची के पिता प्रदीप प्रजापति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि बच्ची की मौत स्वाभाविक थी या उसके साथ किसी प्रकार की हिंसा हुई है।
जांच के दौरान परिवार की परिस्थितियां भी संदेह के घेरे में हैं। जानकारी के मुताबिक प्रदीप की पत्नी करीब ढाई साल पहले अपने दो बच्चों को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद से प्रदीप अकेले ही बच्चों की देखभाल कर रहा था। बताया जा रहा है कि इससे पहले उसके आठ माह के एक अन्य बच्चे की भी मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी संतान की मौत होने से पुलिस मामले को गंभीरता से देख रही है।

पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं पारिवारिक कलह, मानसिक तनाव या आर्थिक तंगी के चलते बच्ची की हत्या तो नहीं की गई। गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि परिवार की स्थिति और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा सके।
घटना के बाद झीकनी गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह पिता पूरी रात शव को लेकर घूमता रहा और बिना पुलिस को सूचना दिए सुबह बच्ची को दफना दिया, उससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।