सागर। खुरई रोड स्थित कृषि उपज मंडी में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक खाद-बीज की दुकान के भीतर जहरीला कोबरा सांप निकल आया। करीब 5 फीट लंबे इस सांप को देखकर वहां मौजूद किसान और मजदूर घबरा गए और जान बचाने के लिए बोरियों की थप्पियों पर चढ़ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर बबलू पवार ने सूझबूझ से सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार, मंडी परिसर में स्थित राघव एंटरप्राइजेज दुकान पर शनिवार को किसान खाद और बीज खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर दुकान में रखी खाद-बीज की बोरियों के बीच कुंडली मारकर बैठे सांप पर पड़ी। जैसे ही सांप दिखाई दिया, वहां हड़कंप मच गया। डर के मारे आसपास मौजूद किसान और हमाल इधर-उधर भागने लगे और कुछ लोग बोरियों के ऊपर चढ़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांप बोरियों के बीच गहराई में छिपा हुआ था, जिससे उसे तुरंत पकड़ पाना मुश्किल लग रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल स्नेक कैचर को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्नेक कैचर बबलू पवार मंडी पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद बबलू पवार ने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया सांप कोबरा प्रजाति का है, जो अत्यंत जहरीला होता है। इसकी लंबाई करीब 5 फीट है। रेस्क्यू के दौरान किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

स्नेक कैचर बबलू पवार ने बताया कि सर्दी के मौसम में सांप और अन्य जीव-जंतु गर्म स्थानों की तलाश में रिहायशी इलाकों, दुकानों और गोदामों में घुस आते हैं। खाद-बीज की बोरियों के बीच गर्माहट होने के कारण संभवतः यह कोबरा भी ठंड से बचने के लिए वहीं आकर छिपा होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस मौसम में सतर्क रहें और कहीं भी सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत विशेषज्ञों को सूचना दें।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ने की तैयारी की जा रही है। घटना के बाद मंडी परिसर में कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा, लेकिन सांप के पकड़े जाने के बाद किसानों और दुकानदारों ने राहत महसूस की।