खुरई। शिक्षा और विकास को लेकर खुरई लगातार प्रदेश और देश में नई मिसाल कायम कर रहा है। इसी कड़ी में पं. केसी शर्मा उत्कृष्ट विद्यालय खुरई में आयोजित निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र का शैक्षिक वातावरण इस तरह बनाया गया है कि यहां के बच्चे आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि दुनिया में भी अपना नाम रोशन करें।

शिक्षा है उज्जवल भविष्य की नींव
श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि किसी भी देश, प्रदेश और परिवार का भविष्य उसके बच्चे होते हैं। अगर शिक्षा की अच्छी व्यवस्था होगी, तो राष्ट्र और समाज दोनों तरक्की करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। अंग्रेजों के जमाने की शिक्षा व्यवस्था सिर्फ क्लर्क तैयार करने के लिए बनाई गई थी, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई शिक्षा नीति लागू कर युवाओं को आधुनिक शिक्षा, शोध और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

खुरई बना विकास का मॉडल
पूर्व गृहमंत्री ने खुरई के विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज खुरई स्वच्छता में पूरे प्रदेश में नंबर वन और देश में सातवें स्थान पर है। एक दिन में 61 हजार वृक्ष लगाकर खुरई ने प्रदेश में नया रिकॉर्ड बनाया है। सरकारी अस्पताल की गुणवत्ता को भारत सरकार की टीम ने पहले नंबर पर आंका है।
उन्होंने बताया कि आज खुरई में 22 पार्क, मजबूत सड़कें, पांच स्टेडियम, आईटी लैब और इंडोर स्टेडियम जैसी सुविधाएं हैं। खुरई का किला पूरी तरह पुनर्जीवित हो चुका है और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में उसकी पहचान बनी है। साथ ही डोहेला महोत्सव अब पूरे मध्यप्रदेश में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

शिक्षा और खेल दोनों में आगे बढ़ने का आह्वान
श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज की शिक्षा प्रोफेशनल आधारित है, इसलिए बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों और अन्य गतिविधियों में भी रुचि लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खुरई में जिम, बैडमिंटन कोर्ट और अन्य खेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। खासतौर पर दो नए जिम बच्चियों के लिए बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खुरई में मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए पहले से ही जमीन आरक्षित कराई जा चुकी है। यही नहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अकेले खुरई में 15 हजार आवास बनाए गए हैं। बीना नदी परियोजना और तीन बांधों के जरिए क्षेत्र को पानी उपलब्ध होगा।

संस्कृति और परंपरा से जुड़ने की अपील
श्री सिंह ने आगामी 27 अगस्त से शुरू होने वाले गणेश उत्सव पर विद्यार्थियों और नागरिकों से अपील की कि सभी विद्यालयों में भगवान गणेश की स्थापना करें। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश बुद्धि और विनय के प्रतीक हैं, और इस पर्व को स्वदेशी तकनीक के आधार पर उत्साहपूर्वक मनाना चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिक
इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में हेमचंद बजाज, राहुल चौधरी, देशराज यादव, जमना प्रसाद अहिरवार, बलराम यादव, राजपाल सिंगपुर, रवीन्द्र राजपूत नरोदा, प्रवीण जैन गढ़ौला, इन्द्राज सिंह ठाकुर, कमलेश सिंह ठाकुर, गब्बर सिंह ठाकुर, राजू चंदेल सहित विद्यालय स्टाफ, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।