अशोकनगर जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत राजतला गांव में एक 15 वर्षीय किशोरी काजल अहिरवार का शव शुक्रवार रात घर से 300 मीटर दूर स्थित कुएं से बरामद हुआ। काजल दोपहर करीब 2 बजे खेत पर मोटर चालू करने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद शाम 7 बजे डायल 100 पर सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संदेह के आधार पर कुएं में तलाश शुरू की गई। कुआं लगभग 40 फीट गहरा था और पानी से भरा हुआ था। मौके पर बुलाई गई एसडीआरएफ टीम ने मोटर पंप के माध्यम से पानी निकाला और रात करीब 10 बजे किशोरी का शव बाहर निकाला।

परिजनों ने आशंका जताई कि काजल को करंट लग गया होगा या उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा, जिससे वह कुएं में गिर गई। हालांकि, मौत का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।