छत्तीसगढ़ के पिकरी पाली निवासी मनमोहन (25 वर्ष) ललितपुर से लौटते समय चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की वजह युवक को आया मिर्गी का दौरा बताया जा रहा है। समय रहते चेन पुलिंग किए जाने से उसकी जान बच गई। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर युवक को सागर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मनमोहन जम्मू काम करने जा रहा था। यात्रा के दौरान ललितपुर स्टेशन पर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिस पर उसे छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से उतार दिया गया। इसके बाद परिजनों और साथ मौजूद लोगों ने उसे छत्तीसगढ़ लौटाने का फैसला किया। अस्वस्थ हालत और जल्दबाजी में मनमोहन गलती से दूसरी ट्रेन में सवार हो गया, जो भोपाल की ओर जा रही थी।

यात्रा के दौरान शाम करीब 6:30 बजे ट्रेन के अंदर उसे अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा। कुछ देर बाद होश आने पर वह घबराहट में ट्रेन के अंदर इधर-उधर दौड़ने लगा। इसी दौरान गेट के पास संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद युवक के साथ मौजूद उसके दो भाई, मत्स्य जांगड़े और लाभोराम जांगड़े ने सतर्कता दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन को रुकवाया। रेलवे की मदद से घायल मनमोहन को बीना से करीब 4 किलोमीटर दूर रेलवे पोल नंबर 372 के पास से उठाया गया।

सूचना मिलने पर 112 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रात करीब 9:30 बजे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए उसे सागर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और परिजन उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं।