विकासखंड देवरी के आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत चिरचिटा सुखजू में 2 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती के अवसर पर ग्रामसभा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सरपंच ममतारानी गौंड ने की। इसमें ग्राम चिरचिटा और हथखोह के आदि कर्मयोगी अभियान के तहत तैयार ग्राम विकास कार्ययोजना को सर्वसहमति से अनुमोदित किया गया।

ग्रामसभा की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छाया चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। गांधी जयंती और पंचायत सचिव डेलन सिंह लोधी के जन्मदिन के अवसर पर पंचायत भवन परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस बैठक में सरपंच, सचिव, शिक्षक, रोजगार सहायक, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामसभा में ग्रामीण विकास के विविध प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सभी ने कार्ययोजना के सफल क्रियान्वयन का संकल्प लिया।

गौरतलब है कि ग्राम ब्लेज एक्शन प्लान बनाने के लिए पहले 22, 27 और 30 सितंबर को महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गई थीं। इन बैठकों में ट्रांजेक्ट वॉक भी शामिल रही, जिसमें हथखोह वासियों के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहलुओं का अवलोकन कर विश्लेषण किया गया।
जनजातीय कार्य विभाग के आदि कर्मयोगी ग्राम समन्वयक महेन्द्र कुमार लोधी और रूपेश दीवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्राम के सामाजिक और संसाधन मानचित्र तैयार किए। इस प्रक्रिया के आधार पर विजन 2030 के तहत ग्राम विकास की बहुआयामी कार्ययोजना तैयार की गई, जिसे चौथी बैठक यानी ग्रामसभा में अनुमोदित किया गया।
इस आयोजन से ग्रामीणों में विकास और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूकता बढ़ी। कार्यक्रम ने स्थानीय समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और ग्राम के समग्र कल्याण की दिशा में ठोस कदम उठाने की दिशा तय की।