छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की चौबे कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसबीएन कॉलेज के पीछे रहने वाले महेंद्र अरजरिया के घर अप्रैल माह में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस ने दो और अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को पकड़ा जा चुका था। अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पहले दो आरोपी हमीरपुर से पकड़े गए थे
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। प्रारंभिक कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा निवासी जगदीश सोनी और वीरेंद्र कुमार अनुरागी को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए थे।
महोबा जिले से दो और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने सोमवार को चोरी में शामिल दो और अंतरराज्यीय आरोपियों को दबोचा। इनकी पहचान महोबा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के तिदौली गांव निवासी इंद्र उर्फ इंदल राजपूत और कबरई थाना क्षेत्र के बधवा गांव निवासी रामबाबू उर्फ बाबू अहिरवार के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
10 लाख रुपये के आभूषण बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में सोने के हार, चूड़ियां, चूरा, मंगलसूत्र, टॉप्स, छल्ले, कीलें, अंगूठियां और चांदी की पायल शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि बरामदगी के बाद मामले में पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।
दोनों आरोपी शातिर अपराधी
पुलिस के अनुसार, इंद्र उर्फ इंदल राजपूत के खिलाफ लूट, गैंगस्टर, बलवा और अवैध हथियार सहित 9 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, रामबाबू उर्फ बाबू अहिरवार पर चोरी, गैंगस्टर, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट सहित 10 मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो विभिन्न जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह, साइबर प्रभारी उप निरीक्षक नेहा गुर्जर, उपनिरीक्षक जितेंद्र सोनी, उपनिरीक्षक अजय शाक्य, सहायक उपनिरीक्षक सीताराम, प्रधान आरक्षक राजू वर्मा, उमेश तिवारी सहित पुलिस और साइबर टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।