छतरपुर। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सरानी दरवाजे के पास स्थित एक थोक दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने देर रात दुकान का शटर तोड़कर नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात के समय की है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो अज्ञात चोर कंबल ओढ़े हुए दुकान के सामने पहुंचते हैं। आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद वे कुछ ही मिनटों में दुकान का शटर तोड़ते हैं और अंदर घुस जाते हैं। चोरों ने बड़ी ही सफाई से वारदात को अंजाम दिया और वहां रखी नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
पीड़ित दुकानदार अनुज गुप्ता ने बताया कि चोर दुकान से करीब 6 हजार रुपए नकद के साथ अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराई।

शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में गहरी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। शहरवासियों और व्यापारियों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द कार्रवाई कर चोरों को पकड़ने में सफल होगी।