जंगल में अवैध खनन पर वन विभाग की कार्रवाई, नई जेसीबी जब्त; ड्राइवर फरार !

Spread the love

छतरपुर जिले के बकस्वाहा वन क्षेत्र के चाचाई–सेमरा जंगल में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक नई जेसीबी मशीन जब्त की है। कार्रवाई के दौरान जेसीबी चला रहा ड्राइवर गोविंद यादव को टीम ने पकड़ लिया था, लेकिन पूछताछ के दौरान वह वन विभाग की टीम को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद विभाग ने मामला दर्ज कर ड्राइवर और वाहन मालिक की तलाश शुरू कर दी है।

सूचना पर वन विभाग ने की कार्रवाई

वन विभाग को सूचना मिली थी कि चाचाई–सेमरा के जंगल क्षेत्र में जेसीबी मशीन से अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही रेंजर लवप्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर टीम ने जेसीबी मशीन को जंगल में काम करते हुए पाया और ड्राइवर को पकड़ लिया।

मौके की जांच में सामने आया कि मशीन बिल्कुल नई थी और उस पर कोई नंबर प्लेट या रजिस्ट्रेशन दस्तावेज नहीं थे।

अवैध खनन के लिए हटाई जा रही थी वनस्पति

वन विभाग के अनुसार जेसीबी का उपयोग जंगल में मिट्टी, वनस्पति और छोटे पेड़ों को हटाने के लिए किया जा रहा था, ताकि वहां से अवैध रूप से खनन किया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के खनन की कोई अनुमति नहीं दी गई है

वन विभाग ने मशीन को जब्त कर भारतीय वन अधिनियम की धारा 33 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पूछताछ के दौरान ड्राइवर हुआ फरार

डिप्टी रेंजर भागीरथ रैकवार ने बताया कि पूछताछ के दौरान थोड़ी चूक होने के कारण ड्राइवर गोविंद यादव मौके से भागने में सफल हो गया। इसके बाद टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मालिक की तलाश जारी

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि जब्त जेसीबी किसी भाजपा नेता या जनप्रतिनिधि के परिवार से जुड़ी हो सकती है। हालांकि वाहन पर नंबर और दस्तावेज नहीं होने के कारण अभी तक मालिक की पुष्टि नहीं हो पाई है।

मामले की जांच सीसीएफ नरेश सिंह यादव और डीएफओ ऋषि मिश्रा के निर्देशन में जारी है। वन विभाग का कहना है कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *