जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में हाउस लिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण कार्य लगातार गति पकड़ रहा है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में सागर जिले की शाहगढ़ तहसील के 11 ग्रामों में मकान सूचीकरण एवं सर्वे कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। प्रशासन द्वारा इसे जनगणना कार्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रशासन से जारी जानकारी के अनुसार तहसील शाहगढ़ के विभिन्न ग्रामों में प्रगणकों द्वारा घर-घर पहुंचकर मकानों का सर्वेक्षण और सूचीकरण किया गया। इस अभियान के तहत ग्राम बरेठी में प्रगणक सीताराम सिंह लोधी द्वारा 228 मकानों का सर्वे कार्य पूर्ण किया गया। वहीं ग्राम बरायठा में महेन्द्र बंसल ने 18 मकानों का सूचीकरण किया।
इसी क्रम में ग्राम झड़ोला में पूजा अहिरवार द्वारा 216 मकानों का सर्वेक्षण पूरा किया गया। ग्राम जासोंड़ा में कमलेश कुमार बिदुआ ने 160 मकानों का सूचीकरण किया, जबकि ग्राम बलयालपुरा में चंदूलाल अहिरवार द्वारा 140 मकानों का सर्वे पूर्ण किया गया। ग्राम बराज में रामकुमार चौरसिया ने 204 मकानों का सूचीकरण कार्य किया।
इसके अलावा ग्राम जालमपुर में ज्योत्सना पाण्डेय द्वारा 129 मकानों का सर्वे किया गया, जबकि ग्राम मुहली में पूजा राज ने 151 मकानों का सूचीकरण कार्य पूर्ण किया। ग्राम बुढ़ना में संदीप चढ़ार द्वारा 103 मकानों का सर्वे किया गया। वहीं ग्राम चकेरी में रेणुका लहेरिया ने 38 मकानों तथा ग्राम छायन में दीपक सोनी ने 37 मकानों का सूचीकरण कार्य पूरा किया।

इस प्रकार शाहगढ़ तहसील के इन 11 ग्रामों में कुल 1,424 जनगणना मकानों का सफलतापूर्वक सर्वे एवं सूचीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रगणकों की सक्रियता एवं प्रशासनिक दक्षता को दर्शाती है।
यह संपूर्ण कार्य अनुविभागीय अधिकारी एवं जनगणना अधिकारी नवीन सिंह ठाकुर के निर्देशन में संपन्न हुआ। वहीं चार्ज अधिकारी विजयकांत त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा संबंधित पर्यवेक्षकों एवं तकनीकी सहायक हबीब शाह के सहयोग से पूरी प्रक्रिया सुव्यवस्थित तरीके से पूरी कराई गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जनगणना 2027 के तहत मकान सूचीकरण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से जिले के प्रत्येक परिवार, आवासीय स्थिति और सामाजिक संरचना से जुड़ी आधारभूत जानकारी संकलित की जा रही है। इन आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी प्रतिभा पाल ने जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि सटीक एवं अद्यतन आंकड़े एकत्र करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं बल्कि भविष्य की विकास नीतियों की मजबूत आधारशिला है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में जनगणना कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और तकनीकी माध्यमों के उपयोग से कार्य को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इसी प्रकार समन्वित प्रयासों से जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जनगणना संबंधी कार्य निर्धारित समय पर सफलतापूर्वक पूरे किए जाएंगे।