जनपद पंचायत केसली में आयोजित एकदिवसीय ‘अल्पविराम कार्यशाला !

Spread the love

मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशानुसार कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के मार्गदर्शन में राज्य आनंद संस्थान (आनंद विभाग) एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के संयुक्त तत्वावधान में सागर जिले की जनपद पंचायत केसली में एकदिवसीय विकासखंड स्तरीय अल्पविराम कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।

कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवेंद्र सिंह ठाकुर, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी श्री रामलखन ठाकुर, श्री सरमन लोधी एवं श्री सुखदेव अरेले रहे।

मुख्य अतिथि श्री देवेंद्र सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि —

“शांत मन, आभारी हृदय और सकारात्मक मुस्कुराता चेहरा — यह अल्पविराम से ही संभव है।”

उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल शारीरिक नहीं बल्कि मानसिक क्षमता पर कार्य करना भी आवश्यक है, और इस कार्यशाला के माध्यम से व्यक्ति स्वयं में झांककर अपनी नकारात्मकता, तनाव और अवसाद को दूर कर सकता है।

कार्यक्रम में जिला समन्वयक आनंद विभाग श्री रामकेश तेकाम ने बताया कि आनंद जीवन का स्थाई भाव है, जो जीवन की दिशा और दृष्टि दोनों बदलता है। उन्होंने “जीवन की बैलेंस शीट” सत्र में समझाया कि जब हम शिकायतों, दुःखों और नकारात्मक विचारों को कम करते हैं, तभी जीवन मुनाफे में आता है।

मास्टर ट्रेनर श्री अनिल राय ने “स्वयं से स्वयं की मुलाकात” एवं “मुक्ति पात्र” सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को यह अनुभव कराया कि कैसे आत्म-चिंतन और आत्म-संवाद से व्यक्ति अपने जीवन को सुमार्ग पर ले जा सकता है।
वहीं श्री जीवन रजक ने “संपर्क सुधार और सुदिशा” सत्र के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि आत्म-संपर्क ही सुधार की पहली सीढ़ी है, जो हमें सदैव सकारात्मक दिशा की ओर ले जाती है।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। विकासखंड समन्वयक श्री जीवन तिवारी ने सभी अतिथियों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, कृषि, राजस्व, आदिम जाति कल्याण, पशुपालन, उद्यानिकी एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों को कार्यक्रम के अंत में प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *