जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत, सागर ले जाते समय तोड़ा दम !

Spread the love

सागर जिले के बीना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना जेरूआ गांव की है, जहां रहने वाले 26 वर्षीय मनीष अहिरवार ने बीती रात यह कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार, मनीष ने जहरीला पदार्थ खाने के बाद खुद ही घर पहुंचकर परिजनों को इसकी जानकारी दी। उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल बीना लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सागर रेफर कर दिया।

मनीष को 108 एम्बुलेंस से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में खुरई के पास उसकी हालत और बिगड़ गई। परिजन तुरंत उसे खुरई के सिविल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

मृतक के भाई महेंद्र अहिरवार के अनुसार, मनीष गंजबासौदा में एक होटल में काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। परिजनों का कहना है कि उसे किसी प्रकार की परेशानी नहीं थी, जिससे वह ऐसा कदम उठाए। फिलहाल जहरीला पदार्थ खाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

पुलिस के अनुसार, चूंकि घटना खिमलासा थाना क्षेत्र की है, इसलिए मर्ग डायरी संबंधित थाने को भेजी जाएगी और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

यह घटना क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर गई है और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *