सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदेला के जंगल में शनिवार को 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर फंदे से झूलता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जैसीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
मृतक की पहचान छोटेलाल पिता धनीराम अहिरवार (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम कंदेला के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों ने युवक की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

चक्काजाम कर जताया विरोध
घटना के बाद शनिवार शाम को आक्रोशित परिजन और ग्रामीण जैसीनगर के गेहूंरास चौराहे पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। परिजनों का आरोप है कि छोटेलाल की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।

पुराना विवाद आने की बात
परिजनों ने आरोप लगाते हुए बताया कि 19 दिसंबर को गांव का ही एक युवक परिवार की बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस मामले की शिकायत थाने में की गई थी, लेकिन अब तक बेटी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों का कहना है कि इसी मामले को लेकर उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते छोटेलाल की हत्या की गई और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया गया।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
रविवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।