टीकमगढ़ में किसानों ने ट्रक से यूरिया लूटी !

Spread the love

टीकमगढ़ जिले के जतारा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब किसानों ने यूरिया खाद से भरे एक ट्रक से 40–50 बोरी तक लूट लीं। यह घटना कृषि उपज मंडी परिसर में सामने आई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में कई महिलाएं और युवतियां भी खाद की बोरी लेकर जाते नजर आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से यूरिया की कमी से परेशान किसान हर रोज सोसायटी और वितरण केंद्रों के चक्कर काट रहे थे। किसानों की इसी बढ़ती मांग को देखते हुए गुरुवार को यूरिया से भरे दो ट्रक मंडी परिसर पहुंचे। ट्रक के आते ही वहां पहले से मौजूद भीड़ में अचानक भगदड़ मच गई और कुछ लोगों ने ट्रक से बोरी उठाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते कई किसान यूरिया की बोरियां लेकर मंडी से बाहर निकल गए, जिससे कुछ देर के लिए पूरा परिसर अव्यवस्थित हो गया।

स्थानीय किसानों का कहना है कि वे पिछले पखवाड़े से खाद के लिए परेशान हैं और बार-बार खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ऐसे में जब ट्रक पहुंचे तो भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने धैर्य खो दिया और अफरा-तफरी के बीच खाद उठाकर ले गए। हालांकि कुछ समय बाद मंडी कर्मचारियों और अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

घटना को लेकर कृषि उपज मंडी के प्रबंधक रामकुमार सोनी ने जतारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर पूरे प्रकरण की पड़ताल की जा रही है।

इस घटना ने क्षेत्र में यूरिया संकट और वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *