मुंबई में शनिवार को आयोजित ‘डेविड धवन फिल्म फेस्टिवल’ बॉलीवुड के कई बड़े सितारों की मौजूदगी से गुलजार रहा। यह कार्यक्रम निर्देशक डेविड धवन के लंबे और सफल सिनेमाई सफर को सेलिब्रेट करने के लिए PVR INOX की ओर से रखा गया था, जिसमें उनकी सुपरहिट फिल्मों को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज कर दर्शकों को एक बार फिर 90 के दशक की यादों में ले जाया गया। हालांकि इस भव्य आयोजन में सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात की रही, वह थी अभिनेता गोविंदा की अनुपस्थिति, जिन्होंने डेविड धवन के साथ 17 फिल्मों में काम कर बॉलीवुड को कई यादगार हिट फिल्में दी थीं।

कार्यक्रम में सलमान खान, अर्जुन कपूर, साजिद नाडियाडवाला, वरुण धवन, चंकी पांडे, गुरमीत चौधरी और देबिना बनर्जी जैसे कई सेलेब्स शामिल हुए। डेविड धवन के बेटे वरुण धवन और उनकी बेटी टीना आहूजा भी इस मौके पर मौजूद रहे, लेकिन गोविंदा की गैरमौजूदगी ने दोनों के रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी।
गोविंदा और डेविड धवन की जोड़ी ने 90 के दशक में ‘कुली नंबर 1’, ‘हीरो नंबर 1’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’, ‘राजा बाबू’ जैसी कई सुपरहिट फिल्में दी थीं। हालांकि 2013-14 के बाद दोनों के बीच दूरी की खबरें सामने आने लगी थीं। गोविंदा ने एक इंटरव्यू में भी संकेत दिया था कि कुछ निजी अनुभवों के बाद उन्होंने डेविड धवन के साथ काम न करने का निर्णय लिया।

इवेंट के दौरान सलमान खान ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में वरुण धवन की आने वाली फिल्म को लेकर मजाक किया। उन्होंने कहा कि वरुण ने उनके पुराने हिट गाने को रीक्रिएट किया है, जिस पर सभी हंस पड़े और माहौल खुशनुमा हो गया। वरुण धवन ने भी मुस्कुराते हुए सलमान की बात को संभाला।

फेस्टिवल के दौरान डेविड धवन की पुरानी फिल्मों जैसे ‘पार्टनर’, ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘राजा बाबू’ और ‘आंखें’ को फिर से बड़े पर्दे पर दिखाया गया, जिससे दर्शकों में उत्साह देखा गया। साथ ही उनकी नई फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की भी चर्चा हुई, जो 5 जून को रिलीज होने जा रही है।
डेविड धवन का यह फिल्म फेस्टिवल न सिर्फ उनके करियर का जश्न बना, बल्कि बॉलीवुड के पुराने और नए दौर को जोड़ने वाला एक खास मौका भी साबित हुआ।