बीना के मालथोन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मढ़ावन गोरी से बरोदिया कला जा रहे स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो शुक्रवार को तालाब किनारे स्थित मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार चार स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद सागर रेफर किया गया है। ऑटो में कुल 20 स्कूली बच्चे सवार थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑटो क्रमांक एमपी 15 सीबी 4657 सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक से बचने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान मोड़ पर अचानक बाइक सामने आ जाने से ऑटो चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि ऑटो कुछ और दूरी तक फिसलता, तो वह सीधे तालाब में गिर सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पलटे हुए ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। अचानक हुए हादसे से बच्चों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

दो बच्चों की हालत गंभीर
हादसे में 11 वर्षीय राज पिता मनीराम अहिरवार और सूर्यकांत पिता जडेल यादव, निवासी मढ़ावन गोरी, को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया गया। वहीं अन्य घायल बच्चों में 12 वर्षीय रचित पिता रविंद्र यादव और 13 वर्षीय आदित्य पिता हरि सिंह यादव शामिल हैं। इन दोनों बच्चों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले हैं। ऑटो के पलटने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
चौकी प्रभारी धनेंद्र यादव ने बताया कि दो बच्चों को सिर में चोट लगने के कारण सागर रेफर किया गया है, जबकि दो बच्चे मामूली रूप से घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने से आ रही बाइक को हादसे का कारण बताया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद अभिभावकों में रोष देखने को मिला। घायल बच्चे के पिता रविंद यादव ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां तालाब स्थित है। यदि ऑटो तालाब में गिर जाता, तो स्थिति बेहद भयावह हो सकती थी। उन्होंने नगर परिषद से तालाब किनारे रेलिंग लगाए जाने की मांग की है। साथ ही ओवरलोड ऑटो चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी जताई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।