त्योहारी सीजन में रेलवे की बड़ी सुविधा: मध्यप्रदेश के लिए स्पेशल ट्रेनें, यात्रा होगी आसान !

Spread the love

भोपाल/इटारसी, शुक्रवार – त्योहारी सीजन और बढ़ी हुई यात्रा मांग को देखते हुए रेलवे ने मध्यप्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा दी है। रेलवे ने इटारसी होकर कानपुर सेंट्रल–लोकमान्य तिलक टर्मिनल और हैदराबाद–अजमेर के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इन ट्रेनों से उत्तर भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

कानपुर सेंट्रल और लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच इटारसी होकर 2-दिन-2-ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 04119 कानपुर सेंट्रल–लोकमान्य तिलक टर्मिनल स्पेशल ट्रेन सोमवार 22 और 29 दिसंबर को दोपहर 1 बजे कानपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन तड़के 3.30 बजे इटारसी पहुंचेगी और दोपहर 2.55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में 04120 ट्रेन 23 और 30 दिसंबर को शाम 4.55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल से रवाना होगी और अगले दिन रात 8.30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस ट्रेन का मार्ग फतेहपुर, प्रयागराज, सतना, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक और कल्याण जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर जाता है।

वहीं, भोपाल मंडल होकर हैदराबाद–अजमेर–हैदराबाद के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। ट्रेन संख्या 07731 हैदराबाद–अजमेर स्पेशल 23 दिसंबर को सुबह 11.30 बजे हैदराबाद से रवाना होगी और तीसरे दिन रात 2.15 बजे अजमेर पहुंचेगी। वापसी में 07732 अजमेर–हैदराबाद स्पेशल 27 दिसंबर को शाम 6.50 बजे अजमेर से रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 11 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। इस ट्रेन का मार्ग इटारसी, भोपाल, सिकंदराबाद, नांदेड़, अकोला, खंडवा, उज्जैन, रतलाम और चित्तौड़गढ़ सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों से होकर जाएगा।

रेलवे ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे समय पर टिकट बुकिंग कर अपनी यात्रा सुनिश्चित करें और सुरक्षित यात्रा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *