दमोह | जबेरा बाईपास पर भीषण सड़क हादसा !

Spread the love

दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर जबेरा बाईपास के पास शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां आमने-सामने से दो ट्रकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरा चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर धान के बोरे बिखर गए

आमने-सामने भिड़े धान और सीमेंट से लदे ट्रक

जानकारी के अनुसार, एक ट्रक जबेरा ब्लॉक के पौड़ी धान खरीदी केंद्र से धान भरकर दमोह की ओर जा रहा था। वहीं दूसरा ट्रक दमोह से सीमेंट लोड कर सिहोरा की तरफ जा रहा था। सुबह के समय जब दोनों ट्रक जबेरा बाईपास पर पहुंचे, तभी आमने-सामने से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

धान से लदे ट्रक का चालक फरार

हादसे के बाद धान से लदे ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, सीमेंट से लदे ट्रक के चालक की पहचान उधम सिंह, निवासी खिरिया, जिला सागर के रूप में हुई है। टक्कर में वे घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

हाईवे पर लगा जाम, यातायात हुआ प्रभावित

हादसे के बाद जबेरा बाईपास पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क पर ट्रकों के क्षतिग्रस्त हिस्से और बिखरे धान के बोरे होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर जबेरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए वाहनों को मुख्य मार्ग के अंदर से डायवर्ट करना शुरू किया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई में जुटी है। साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस की तत्परता से धीरे-धीरे यातायात सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *