दमोह: जिले के दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर की मौत हो गई। यह हादसा देहात थाना क्षेत्र के उद्यानिकी कार्यालय के सामने हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए और उसके बाद कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई और सड़क पर दर्दनाक दृश्य देखने को मिला। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग सहम गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय देवेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है, जो बांसा तारखेड़ा गांव के निवासी थे और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके थे। बताया जा रहा है कि वे मंगलवार शाम लक्ष्मण कुटी मंदिर से अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना के समय पीछे से आ रही भोपाल पासिंग कार (क्रमांक MP04SJ0999) ने उनकी बाइक को टक्कर मारी।
हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

पुलिस ने पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए सागर से फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) टीम को बुलाया है, ताकि घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह केवल एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी हो सकता है।
घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से फरार हो गए हैं और उनकी तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसा लापरवाही से हुआ या इसके पीछे कोई और वजह है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।