पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद खुरई की विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें हाल ही में स्वच्छता कर्मी दीपक वाल्मीकि की नृशंस हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। बैठक की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई, जिसमें सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पार्षद और स्वच्छता कर्मियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने शोक-संतप्त परिजनों को आठ लाख रुपए की त्वरित सहायता राशि प्रदान की और अतिरिक्त सहायता राशि के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से स्वीकृति दिलाने का आश्वासन भी दिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दिवंगत कर्मी के एक परिजन को नगरपालिका खुरई में नौकरी दी जाएगी और नियमितीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
एसडीएम मनोज चौरसिया ने जानकारी दी कि आरोपी के दो मकानों में से एक अवैध मकान को प्रशासन ने ढहा दिया, जबकि दूसरे मकान के अतिक्रमित हिस्से को भी जल्द गिराया जाएगा। पूर्व गृहमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसे किसी भी बहाने से बचने की अनुमति नहीं दी जाए। आरोपी को गलत आधार पर जमानत न मिले और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

सभी स्वच्छता कर्मियों ने धनतेरस और दीपावली के अवसर पर नगर की सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कर दिया। श्री भूपेन्द्र सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और जनता से अपील की कि वे स्थानीय और स्वदेशी उत्पाद खरीदें और आत्मनिर्भर भारत को सशक्त बनाएं। बैठक के पश्चात उन्होंने खुरई बाजार का दौरा किया और स्थानीय दुकानदारों से मां लक्ष्मी की फोटो, दीये, गौमाता के श्रृंगार की सामग्री तथा एलईडी झालर जैसी स्वदेशी वस्तुएं खरीदी।
बैठक में नपा अध्यक्ष श्रीमती नन्हीं बाई अहिरवार, एसडीएम मनोज चौरसिया, एसडीओपी सचिन परते, सीएमओ राजेश मेहतेल, तहसीलदार, दोनों थानों के टीआई, सभी पार्षद, एल्डरमैन, स्वच्छता कर्मी और दिवंगत कर्मी के परिजन उपस्थित थे।