टीकमगढ़। Tikamgarh जिले के दौरे पर पहुंचीं प्रभारी मंत्री Krishna Gaur ने बुधवार को विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सिविल लाइन रोड स्थित दीनदयाल रसोई का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने भोजन की गुणवत्ता परखी और व्यवस्थाओं की सराहना की।
प्रभारी मंत्री सुबह करीब 10:40 बजे Mahamana Express से रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां भाजपा जिलाध्यक्ष सरोज राजपूत सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे सर्किट हाउस पहुंचीं, जहां उन्होंने कलेक्टर, एसपी और भाजपा की कोर कमेटी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
सर्किट हाउस में चर्चा के बाद मंत्री दीनदयाल रसोई पहुंचीं। यहां उन्होंने भोजन कर रहे लोगों से बातचीत कर खाने की गुणवत्ता और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। खुद भी भोजन चखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इस दौरान नगर पालिका सीएमओ ओमपाल सिंह भदोरिया ने उन्हें भोजन परोसा, जबकि कलेक्टर Vivek Shrotiya ने पानी परोसा।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए रसोई में विशेष इंतजाम किए गए थे। बांस और खस की टट्टियों के साथ पानी की बौछार की व्यवस्था कर परिसर को ठंडा रखा गया था, जिससे जरूरतमंदों को राहत मिल सके। प्रभारी मंत्री ने इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्थाएं आमजन के लिए बेहद उपयोगी हैं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने यह भी कहा कि दीनदयाल रसोई जैसी योजनाएं गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए संजीवनी का काम करती हैं, इसलिए इनके संचालन में गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल का भी दौरा किया। यहां उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों के लिए बनाए गए वातानुकूलित रेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और सिविल सर्जन Dr. Amit Shukla तथा स्टाफ के कार्यों की सराहना की।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य आम जनता को राहत और सुविधा प्रदान करना है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दौरे के अगले चरण में प्रभारी मंत्री कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बताया गया कि बैठक के बाद प्रभारी मंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगी और शाम को भोपाल के लिए रवाना होंगी। इस पूरे दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों में सक्रियता देखी गई और व्यवस्थाओं को लेकर सजगता नजर आई।
प्रभारी मंत्री का यह दौरा न केवल योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने का प्रयास रहा, बल्कि अधिकारियों को बेहतर कार्यप्रणाली के लिए प्रेरित करने का भी माध्यम बना।