दशहरा मैदान खिमलासा में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा के शुभ अवसर पर शामिल हुए युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री कृष्ण का जीवन संघर्षों से भरा था, फिर भी वह जीवनभर धर्म, धैर्य और संयम के मार्ग पर चले। यही तीन सूत्र संपूर्ण मानव जीवन का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि गीता और रामचरितमानस के माध्यम से ही जीवन में संयम, आस्था और सकारात्मकता का संचार होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अविराज सिंह ने कहा —
“जो कुछ होता है अच्छे के लिए होता है और आगे भी जो होगा अच्छे के लिए ही होगा — यह श्रीमद्भागवत गीता का संदेश हमें निराशा से निकालकर विश्वास की ओर ले जाता है।”
उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने विपरीत परिस्थितियों में जन्म लिया, बचपन से संघर्ष किया, असुरों से युद्ध किया, गुरुकुल में कठिन साधना की और जीवनभर समाज व धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहे। यह संदेश हर व्यक्ति के जीवन के लिए प्रेरक है।
युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील
अविराज सिंह ने युवाओं से विशेष रूप से संवाद करते हुए कहा कि एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में 60 प्रतिशत से अधिक युवा 21 वर्ष की आयु से पहले नशे की चपेट में आ रहे हैं, जो समाज, प्रतिभा और राष्ट्र के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा—
“नशा आपकी क्षमता, परिश्रम, सोच, समाज और देश — सब कुछ छीन लेता है। यदि मन के सारथी भगवान श्रीकृष्ण हैं तो जीवन में नशे के लिए कोई स्थान नहीं होगा।”
उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति को समझने, सकारात्मक संगति अपनाने और नशामुक्त जीवन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
श्री रामकथा व प्राणप्रतिष्ठा में आमंत्रण
अविराज सिंह ने उपस्थित धार्मिक श्रद्धालुओं को सागर के रूद्राक्ष धाम में 31 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक आयोजित श्री रामकथा और दक्षिणमुखी श्री देव हनुमान मंदिर की प्राणप्रतिष्ठा के भव्य आयोजन में परिवार सहित शामिल होने का निमंत्रण दिया। इसके लिए उन्होंने कथा व्यास पं. श्री विपिन बिहारी जी महाराज को आमंत्रण पत्रिका भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सेवन एवं बांदरी में भी धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता
अविराज सिंह ने सेवन व बांदरी में श्री रामजानकी हनुमान जी मंदिर में श्री रामचरितमानस के अखंड पाठ के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हवन-पूजन व विशाल भंडारे में भी सम्मिलित होकर धर्मप्रेमी जनों के बीच आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट जनों की उपस्थिति
आयोजन में कथाव्यास पं. श्री विपिन बिहारी महाराज, विधायक निर्मला सप्रे, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष श्री गौरव सिरोठिया, आयोजक रतिराम कुशवाहा, दयासिंह कुशवाहा, अनिल पाराशर, विश्वनाथ सिंह, रमेश पटेल (जनपद अध्यक्ष), मुकेश जैन, तुलसीराम यादव, मुकेश श्रीवास्तव (सरपंच प्रतिनिधि), पं. हरिनारायण कौशिक, पुजारी मुरली मनोहर मिश्रा, ब्रज किशोर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।