नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने गुरुवार को गंभीरिया स्टेडियम में आयोजित एमएलए क्रिकेट टूर्नामेंट लीग ओपन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के शताब्दी वर्ष पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित की और उनके कृतित्व का स्मरण किया।

टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर विधायक श्री लारिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी सिखाते हैं। आज खेलों के क्षेत्र में करियर बनाने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं और कई खिलाड़ियों ने अपने हुनर से देश का नाम रोशन किया है।
खिलाड़ियों से परिचय, दिया खेल भावना का संदेश
विधायक श्री लारिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे खेल भावना के साथ ईमानदारी और निष्पक्षता से खेलें, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें और अपने प्रतिद्वंद्वियों का सम्मान करें। उनका यह संदेश खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना।

खेल से स्वास्थ्य और करियर दोनों संभव
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी सुदृढ़ होता है। आज खेल केवल शौक नहीं, बल्कि एक सशक्त करियर विकल्प बन चुका है। खेल के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं और समाज के लिए उदाहरण पेश कर सकते हैं।

15 दिन चलेगा टूर्नामेंट
टूर्नामेंट के आयोजक पार्षद नरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि यह क्रिकेट टूर्नामेंट करीब 15 दिनों तक चलेगा, जिसमें क्षेत्र के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और अपने खेल को निखारने का अवसर प्राप्त करेंगे।

बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, अशोक सिंह, जिला पंचायत सदस्य शारदा खटीक, समस्त पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
एमएलए क्रिकेट टूर्नामेंट का यह आयोजन खेलों के प्रति युवाओं में रुचि बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का भी संदेश दे रहा है।