नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सोमवार को मकरोनिया स्थित एमपीईबी कार्यालय में विद्युत अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के बांदरी, नरयावली, बरारू डीसी एवं अन्य ग्रामों में कृषि एवं घरेलू विद्युत प्रदाय में लगातार अघोषित कटौती और विगत डेढ़ माह से सुचारू रूप से न चल रही विद्युत व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की।

विधायक लारिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत कटौती केवल निर्धारित समय पर ही रखरखाव के लिए की जाए तथा कृषि और घरेलू विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नवीन ट्रांसफार्मर एवं विद्युत पोल की स्थापना, खराब केबल बदलना, विद्युत लाइन अन्यत्र स्थापित करना, और वितरण केंद्र से विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने पर जोर दिया।

बैठक में बिजली आपूर्ति में अनियमितता, ट्रांसफार्मर खराबी, नए कनेक्शन, बिजली बिल में गड़बड़ी जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। विधायक लारिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं की शिकायतों का तुरंत निवारण करें और क्षेत्रवासियों को बेहतर बिजली सेवा सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर एसई चंद्रलेखा प्रभाकर, डीई सागर प्रदीप साहू, बंडा टेकाम, खुरई प्रभात साहू, नगर संभाग इमरान खान, सहायक अभियंता अवनीश जारोलिया, विकास मिश्रा, आर के अरजरिया, अनरथ ठाकुर, अजीज खान, दृगपाल बुंदेला, पवन अहिरवार, मुकेश मंडलोई, पवन रावत सहित नपाध्यक्ष मिहीलाल, पार्षद कमलेश कुशवाहा, शैलेंद्र सिंह, रामजी राजपूत उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रवासियों को नियमित और विश्वसनीय बिजली सेवा उपलब्ध कराना था। विधायक लारिया ने अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में सुधार लाने का जोर देते हुए कहा कि जनता को बेहतर सेवाएं मिलनी चाहिए।