नागपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि पुराने जनरेशन के लोग धीरे-धीरे रिटायरमेंट लेकर नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपें और उन्हें मार्गदर्शन करें। यह टिप्पणी उन्होंने रविवार को नागपुर में एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (AID) द्वारा आयोजित ‘एडवांटेज विदर्भ–खासदार औद्योगिक महोत्सव’ को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में की।
AID के अध्यक्ष आशीष काले ने इस कार्यक्रम का आयोजन किया था, जबकि गडकरी AID के चीफ मेंटर के रूप में जुड़े हैं। गडकरी ने कहा, “जब नए लोग ठीक से गाड़ी चला लें, तो सीनियर लोगों को दूसरे कामों की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए।”

गडकरी ने यह भी जानकारी दी कि नागपुर में 6 से 8 फरवरी तक AID के ‘एडवांटेज विदर्भ’ एक्सपो का तीसरा संस्करण आयोजित होगा। उनका कहना है कि इस एक्सपो का उद्देश्य विदर्भ को भारत के इंडस्ट्रियल मैप पर एक मजबूत और उभरते विकास केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
इस एक्सपो में टेक्सटाइल, प्लास्टिक, खनिज, कोयला, विमानन, लॉजिस्टिक्स, आईटी, हेल्थकेयर, फार्मा, रक्षा, रियल एस्टेट, रिन्यूएबल एनर्जी और स्टार्टअप्स सहित कई क्षेत्रों की कंपनियां भाग लेंगी।
इससे पहले जुलाई 2025 में एक इंटरव्यू में गडकरी ने कहा था कि जब तक स्वास्थ्य अच्छा है और काम करने की क्षमता है, तब तक वे काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा था, “जब लगे कि छोड़ देना चाहिए, तब छोड़ देंगे।”