जिले में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि शासकीय विद्यालयों में शैक्षणिक अमला समय पर उपस्थित रहे, इसके लिए विद्यालयों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति अब ई-अटेंडेंस के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में पारदर्शिता आएगी।

इसी क्रम में श्री सचिन गुप्ता द्वारा शासकीय हाई एकीकृत विद्यालय पाली का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी अध्ययन स्थिति, कक्षा शिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में संचालित मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और भोजन की स्वच्छता व पोषण स्तर को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती शाहीन एजाज सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। अधिकारी ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।