जिस क्रिकेटर को पंजाब की अंडर-19 टीम ने नजरअंदाज कर दिया, वही खिलाड़ी महज तीन साल में कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का कप्तान बन गया। कनाडा क्रिकेट बोर्ड ने दिलप्रीत सिंह बाजवा को आगामी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम की कमान सौंपी है। दिलप्रीत का यह सफर संघर्ष, निराशा और मेहनत की मिसाल बन गया है।

पंजाब से शुरू हुआ क्रिकेट का सपना
पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला निवासी दिलप्रीत को बचपन से ही क्रिकेट का शौक था। उन्होंने सरकारी कॉलेज गुरदासपुर के मैदान में कोच राकेश मार्शल से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। मेहनत के दम पर वे गुरदासपुर जिला टीम में चुने गए और पंजाब राज्य अंतर-जिला कटोच शील्ड टूर्नामेंट समेत कई प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व किया।
कटोच शील्ड वही टूर्नामेंट है, जिसके प्रदर्शन के आधार पर पंजाब रणजी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन होता है। दिलप्रीत ने यहां शानदार खेल दिखाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आगे मौका नहीं मिला।
130 रन की पारी भी नहीं दिला सकी जगह
दिलप्रीत सिंह बाजवा साल 2020 तक पंजाब में रहे और लगातार चयन के लिए प्रयास करते रहे। पटियाला के खिलाफ उन्होंने एक मैच में शानदार 130 रन की पारी खेली, जिसके बाद उनका पंजाब अंडर-19 टीम में चयन लगभग तय माना जा रहा था। लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। यह झटका दिलप्रीत और उनके परिवार के लिए बेहद निराशाजनक था।

निराशा से कनाडा तक का सफर
पंजाब टीम में जगह न मिलने से दिलप्रीत टूट गए। बेटे की निराशा देखकर उनके माता-पिता ने बड़ा फैसला लिया और 2020 में परिवार के साथ कनाडा शिफ्ट हो गए। हालांकि, देश बदलने के बावजूद दिलप्रीत का क्रिकेट के प्रति जुनून कम नहीं हुआ।
क्लब क्रिकेट से इंटरनेशनल टीम तक
कनाडा पहुंचने के बाद दिलप्रीत ने क्लब क्रिकेट से दोबारा शुरुआत की। लगातार तीन साल तक घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने ग्लोबल टी-20 टूर्नामेंट में खेलते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
मॉन्ट्रियल टाइगर्स के लिए खेलते हुए दिलप्रीत ने कई आकर्षक पारियां खेलीं, जिसके बाद कनाडा के चयनकर्ताओं ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल करने का फैसला किया।
दिग्गजों का मिला साथ
ग्लोबल टी-20 टूर्नामेंट में दिलप्रीत को क्रिस गेल, टिम साउदी, कार्लोस ब्रैथवेट और जिमी नीशम जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ खेलने का मौका मिला। खासतौर पर क्रिस गेल दिलप्रीत के खेल से काफी प्रभावित हुए और उन्होंने उनका मार्गदर्शन भी किया।

2023 में टीम इंडिया नहीं, कनाडा की जर्सी
लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर दिलप्रीत सिंह बाजवा को 2023 में कनाडा की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम में जगह मिली। इसके बाद वे टीम के अहम खिलाड़ी बन गए। उनकी नेतृत्व क्षमता और निरंतर प्रदर्शन को देखते हुए अब टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए उन्हें कनाडा टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है।
कनाडा टीम में पंजाबी खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी
कनाडा की टी-20 वर्ल्ड कप टीम में कुल 6 पंजाबी खिलाड़ी शामिल हैं।
- कप्तान दिलप्रीत सिंह बाजवा
- रोपड़ के परगट सिंह (पूर्व में पंजाब रणजी टीम का हिस्सा)
- चंडीगढ़ के नवनीत धालीवाल
- जसकरनदीप बुट्टर
- कंवरपाल
- रविंदरपाल सिंह
- अजयवीर हुंदल
इन खिलाड़ियों में से कई ने पंजाब में इंटर-डिस्ट्रिक्ट या रणजी स्तर तक क्रिकेट खेला है।