पन्ना में टूटा पैर लेकर एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित, बोला- एक महीने बाद भी नहीं हुई कार्रवाई ! जिले के मखरा गांव में मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। गांव के रहने वाले मिलन अहिरवार टूटे हुए पैर के साथ शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित का आरोप है कि करीब एक महीने पहले लोहे की रॉड से उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित मिलन अहिरवार ने बताया कि घटना 10 अप्रैल 2026 की है। उस दिन गांव के महेंद्र कोरी और उसकी पत्नी ने पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड से उनके पैर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उनका पैर टूट गया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां लंबे समय तक उपचार चला।

मिलन का कहना है कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने मामले की शिकायत ककरहटी चौकी पुलिस से की थी। पुलिस ने शिकायत तो दर्ज कर ली, लेकिन आरोपियों पर अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
शुक्रवार को मिलन अपने परिजनों के सहारे टूटे हुए पैर के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर सुरक्षा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पीड़ित ने कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गंभीर चोट और मेडिकल रिपोर्ट होने के बावजूद पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम नहीं उठाए गए। इससे परिवार दहशत में जीने को मजबूर है।
मामले के सामने आने के बाद अब पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो पीड़ित को न्याय के लिए इस हालत में एसपी कार्यालय नहीं पहुंचना पड़ता।