पीथमपुर। अरुणाचल प्रदेश में 3 दिसंबर को शहीद हुए अग्निवीर मनीष यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए औद्योगिक नगरी पीथमपुर में शोक सभा का आयोजन किया गया। यह श्रद्धांजलि सभा वृंदावन कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 15 स्थित चौधरी परिसर में संपन्न हुई। शहीद मनीष यादव, श्रीराम यादव के पुत्र थे।

शोक सभा में नगर के उत्तर भारतीय परिवारों, स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद के बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर शहीद के परिवार को सांत्वना दी गई और हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया गया। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया।
स्वागत द्वार निर्माण की घोषणा
शोक सभा में शामिल नगर पालिका उपाध्यक्ष पप्पू असोलिया ने घोषणा की कि शहीद अग्निवीर मनीष यादव की स्मृति में एक स्वागत द्वार का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को आगामी पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) की बैठक में सर्वसम्मति से पारित कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पटेल ने शहीद मनीष यादव के घर तक की सड़क तथा उनके नाम पर एक स्वागत द्वार निर्माण की घोषणा की।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
श्रद्धांजलि सभा में उत्तर भारतीय संगठन के प्रदीप द्विवेदी, कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी सचिव अध्यक्ष परमेश्वर रघुवंशी, रंजीत रघुवंशी, पार्षद डॉ. राकेश असोलिया, लालू शर्मा, गजानन पथरिया, जगदीश सेन, मोनिका सोलंकी, जेपी सिंह यादव, रिंकू सिंह, जितेश मिश्रा, केबी सिंह, छगनलाल पथरिया, सत्यनारायण यादव, भोला यादव, अशोक यादव, गौरव पांडे, विनय कुशवाहा, रामदयाल यादव, जितेंद्र प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. हेमंत हीरोले ने किया।