
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद की नींव रखे जाने के खिलाफ भोपाल में हिंदू संगठनों का विरोध तेज हो गया है। श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच ने सोमवार को 2 नंबर स्टॉप पर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि “अगर मस्जिद बनानी है तो अब्दुल कलाम या अशफाकउल्ला के नाम से बनाएं, बाबर के नाम पर मस्जिद बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘बाबर के नाम वाला शौचालय’ लिखा पोस्टर लेकर पहुंचे थे, जिसे वे सार्वजनिक शौचालय परिसर में लगाने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने पोस्टर जप्त कर लिया। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई।
हालात नियंत्रित करने के लिए मौके पर क्विक रिस्पांस फोर्स के 40 से ज्यादा जवान और करीब 30 पुलिसकर्मी तैनात रहे।



बंगाल में सुरक्षा के बीच मस्जिद की नींव
इसी बीच पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार को बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली मस्जिद की आधारशिला रखी। मौलवियों की मौजूदगी में फीता काटकर समारोह सम्पन्न किया गया। कार्यक्रम में ‘नारा-ए-तकबीर’ और ‘अल्लाहु अकबर’ के नारे भी लगे।
दो लाख से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। कई लोग ईंट लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली, रिक्शा और वैन से पहुंचते नजर आए।