इंदौर। हीरानगर इलाके में बीजेपी नेता और मदर लैंड स्कूल के संचालक सुरजीत सिंह बालिया के साथ कम ब्याज पर नया लोन दिलवाने का झांसा देकर लगभग 52 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने मामले में पिता–पुत्र समेत एक ज्वेलर्स संचालक पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।
कम ब्याज पर नया लोन दिलवाने का झांसा
सुरजीत सिंह की पत्नी ने एलआईजी कॉलोनी स्थित महिंद्रा कोटक बैंक में स्कूल का करंट खाता खुलवाया था। इसी खाते से 2022 में 85 लाख रुपए का लोन लिया गया था, जिसकी किस्तें समय पर जमा की जा रही थीं।
इसी दौरान सुरजीत सिंह की पहचान आरोपी भगवान सिंह भदौरिया और उसके बेटे गोपाल भदौरिया से हुई। बातचीत के दौरान जब सुरजीत ने बताया कि उनके ऊपर लोन का ब्याज ज्यादा लग रहा है, तो भगवान सिंह ने कहा कि उसका बेटा गोपाल बैंक में असिस्टेंट मैनेजर है और वह कम ब्याज पर नया लोन (ओडी लिमिट) दिलवा सकता है।
गोपाल ने स्कूल के सभी डॉक्युमेंट्स और चेक अपने पास रख लिए और दावा किया कि नए ओवर ड्राफ्ट लोन से पुराना लोन बंद कर दिया जाएगा।

नया खाता खुलवाया, पुराना लोन बंद नहीं हुआ
गोपाल भदौरिया ने नए दस्तावेज लेकर सुखलिया शाखा में नया अकाउंट खुलवाने की बात कही। उसने लोन की राशि समायोजित करने के लिए 5 लाख रुपए देने की मांग भी की।
नया लोन जारी होने के बाद पुराने लोन के मैसेज आना बंद हो गए। जब सुरजीत ने दस्तावेज मांगे तो आरोपी ने 2–3 महीने का समय बताकर टाल दिया।
लेकिन कुछ समय बाद बैंक से पुराने लोन की वसूली का नोटिस आया, तब खुलासा हुआ कि—
- पुराना लोन बंद ही नहीं किया गया था
- नए लोन की 47 लाख रुपए की राशि को शिवम सोनी के जीएम ज्वेलर्स के खाते में ट्रांसफर किया गया
- आरोपियों ने इस राशि से अन्य संपत्तियां खरीदीं
कॉल नहीं उठाए, शिकायत पर FIR दर्ज
सुरजीत सिंह ने कई बार आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
लगभग 52 लाख रुपए की धोखाधड़ी का पता चलने पर उन्होंने हीरानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने—
- भगवान सिंह भदौरिया
- गोपाल भदौरिया
- शिवम सोनी (ज्वेलर्स संचालक)
के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।