बीना के 80 गांवों की 20 हजार हेक्टेयर जमीन होगी सिंचित !

Spread the love

बीना विधायक निर्मला सप्रे ने बुधवार को हनोता बांध परियोजना के अंतर्गत छपरेट घाट डैम और पंप स्टेशन के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ सिंचाई विभाग की एसडीओ आकांक्षा नरवरे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और गति की जांच की और स्पष्ट कहा कि काम में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रोजेक्ट समयबद्ध और मानक गुणवत्ता के अनुसार पूरा किया जाए।

किसानों के लिए वरदान

हनोता बांध परियोजना बीना तहसील के किसानों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इस परियोजना के माध्यम से लगभग 80 गांवों की 20 हजार हेक्टेयर जमीन को पाइपलाइन के जरिए सिंचाई सुविधा मिलेगी। पहले यहां केवल 29 गांवों को ही सिंचाई मिल पाती थी, लेकिन इस नई परियोजना से कुल 165 गांवों की 54 हजार हेक्टेयर जमीन प्यासी नहीं रहेगी।

विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि इस सुविधा के शुरू होने से किसान अब सिर्फ बारिश के भरोसे नहीं रहेंगे। वे साल में दो से तीन फसलें ले सकेंगे, जिससे उनकी पैदावार और आमदनी दोनों में वृद्धि होगी। उन्होंने इसे खेती-किसानी और ग्रामीण रोजगार बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इन गांवों को मिलेगा सीधा फायदा

परियोजना से कई गांवों के किसान आधुनिक सिंचाई प्रणाली से जुड़ पाएंगे। प्रमुख लाभार्थी गांवों में अगासोद, एरण, गढ़ा, गोधन, भिलावली, धनोरा, बिलधाई, मुहासा, रहतवास, रामपुर, रेटा, सतनी और सटोरिया शामिल हैं। इन इलाकों के किसान अब वर्षभर पानी की समस्या से मुक्त होकर अपनी खेती में सुधार कर सकेंगे।

निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ डॉ. नरेंद्र ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, रतन यादव और मुकेश जैन सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने परियोजना की महत्वता और समय पर पूरा होने पर संतोष व्यक्त किया।

यह परियोजना बीना और आसपास के क्षेत्रों में खेती-किसानी, उत्पादन क्षमता और ग्रामीण रोजगार बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *