सागर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत रविवार को सिटी स्टेडियम सागर में आयोजित बुंदेली क्रिकेट प्रीमियम लीग (BCPL) टूर्नामेंट में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि बुंदेली क्रिकेट प्रीमियम लीग जैसे आयोजन ग्रामीण और शहरी प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करते हैं, जिससे युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं और आगे बढ़ सकते हैं।

मंत्री राजपूत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खेल सुविधाओं के विस्तार, स्टेडियमों के विकास और प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान टूर्नामेंट आयोजकों ने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का स्वागत किया और बुंदेली क्रिकेट प्रीमियम लीग की रूपरेखा एवं उद्देश्य की जानकारी दी। आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी, कोच, टीम प्रबंधन एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
सिटी स्टेडियम में आयोजित इस क्रिकेट लीग के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों के जोश, रोमांचक मुकाबलों और मंत्री द्वारा किए गए सम्मान से खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक बढ़ा।